बिसौली (बदायूं)। श्रद्धये बाबू जी बनवारी सिंह यादव के पैतृक गांव मानपुर,विधानसभा बिसौली,बदायूँ में एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमे मुख्य अथिति धर्मेन्द्र यादव व विशिष्ट अथिति पूर्व राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, बिसौली से विधायक आशुतोष मौर्य मौजूद रहे तथा अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने की। इससे पूर्व धर्मेन्द्र यादव ने स्व0 बनवारी सिंह यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि यह स्थान बाबू जी स्व0 बनवारी सिंह यादव की जन्मस्थली है यहीं से उठकर उन्होंने श्रद्धये नेता जी मुलायम सिंह यादव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जनपद बदायूँ में समाजवादी पार्टी को फर्श से अर्श तक पहुचाने का कार्य किया है। आज देश व प्रदेश में भाजपा के नेताओं ने झूठ,धोखे तथा साम्प्रदायिकता के आधार पर सरकार तो बना ली है परंतु आमजनता की मूलभूत आवश्यकताओं को नज़रंदाज़ करके महंगाई,बेरोजगारी,भ्रष्टाचार जैसी भयानक दानव रूपी समस्याएं आमजनता के सामने खड़ी कर दीं हैं। उत्तर प्रदेश की जनता की इन समस्याओं को भूलकर भाजपा के नेता सरकारी तंत्र के माध्यम से लूट करके अपनी जेबें भरने में लगे हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों की वोटिंग हो रही है, पिछले दिनों मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान आमजनता से मिलने का मौका मिला,वहाँ पर भाजपा की हार तय हो चुकी है। पांच राज्यों में होने वाले चुनाव में सभी राज्यों में गैर भाजपाई सरकारें बनना लगभग तय है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश की जनता भी भाजपा नेताओं के झूठ,महँगाई, भ्रष्टाचार से बुरी तरह से त्रस्त हो चुकी है व आने वाले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के अधिक से अधिक सांसद बनाकर संसद में भेजने का काम करेगी।आगे कहा कि पिछली सपा सरकार में बदायूँ में सैकड़ो विकास कार्य हुए जिसमें बदायूँ का मैडिकल कॉलेज भी है परंतु भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते यदि मेडिकल कॉलेज के मानक पूरे नहीं किये गए तो इसकी मान्यता भी जा सकती है।
विशिष्ट अथिति के रूप में पूर्व राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव व बिसौली से विधायक आशुतोष मौर्य ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों में प्रशासनिक तंत्र के माध्यम से वोटों की गड़बड़ी करके भाजपा ने बदायूँ लोकसभा से अपना सांसद बना लिया था परंतु वर्तमान समय मे सपा कार्यकर्ताओं सहित आमजनता पूरी तरह से सतर्क रहकर पार्टी के नेता मा0 धर्मेन्द्र यादव को संसद में पहुचाने की ठान चुकी है जिससे पुनः गरीब,शोषित, पीड़ित व्यक्तियों की आवाज़ देश की सबसे बड़ी पंचायत में बुलन्द हो सके।
अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि बदायूँ लोकसभा के अंतर्गत जनपद बदायूँ की सहसवान, बिसौली,बदायूँ व बिल्सी विधानसभाएं आतीं हैं हम सभी सपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओ ने संकल्प लिया है कि धर्मेंद्र यादव को सभी विधानसभाओं से रिकॉर्ड वोटों से जिताकर इतिहास बनाने का कार्य करेंगे और तब तक अपने अपने क्षेत्रों के जाकर समाजवादी नीतियों व रीतियों का प्रचार-प्रसार करेंगे।
इस मौके पर सहसवान से विधायक ब्रजेश यादव, शेखुपुर से विधायक हिमांशु यादव, पूर्व विधायक आर0 के0 शर्मा,नरेश प्रताप सिंह,सुरेश पाल सिंह चौहान,कैप्टन अर्जुन,अशोक यादव,मनोहर सिंह यादव,महेंद्र प्रताप,अंकुर यादव,वीर सिंह, शाहनवाज़ खां,बादाम सिंह,मोहर सिंह पाल,सुरेंद्र सिंह,बलवंत सिंह,राजेन्द्र सिंह,चरन सिंह,के0 आर0 गौतम,सतेंद्र यादव एड0,रामबाबू सिंह, हेमन्त,रामखिलाड़ी,महावीर सिंह,राजेश यादव,मनोज प्रधान,निर्दोष यादव,नीरज शर्मा,डॉ0 आस मोहम्मद,विवेक,रंजीत,सचिन,लालू सिंह,रोजित शर्मा,अबरार आदि सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।