लखनऊ: 29 दिसम्बर, 2022
उत्तर प्रदेश सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष में अरबी-फारसी मदरसा बोर्ड द्वारा संचालित मदरसों में वार्षिक परीक्षाओं के आयोजन हेतु 535 लाख रूपये मंजूर किये है। मंजूर की गयी धनराशि निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग को उपलब्ध करा दी जाती है।
इस सम्बन्ध में अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिये है। जारी आदेश में निर्देश दिये गये है कि कोषागार से धनराशि का आहरण तात्कालिक आवश्यकता के अनुसार किया जायेगा तथा धनराशि को आहरित कर बैंक/डाकघर में जमा नही किया जायेगा। मंजूर की जा रही धनराशि से सर्वप्रथम मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षाओं में कक्ष निरीक्षक के विगत वर्षों व चालू सत्र के पारिश्रमिक तथा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पारिश्रमिक की धनराशि का भुगतान किया जायेगा। मंजूर की गयी धनराशि का व्यय चालू शैक्षिक सत्र 2022-23 की परीक्षाओं के संचालन/आयोजन पर ही किया जायेगा तथा अस्थायी रूप से किसी भी अन्य मदों पर व्यावर्तन मान्य नहीं होगा। व्यय का मदवार विवरण वित्तीय वर्ष के अन्त में शासन को उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जायेगा। इस पर होने वाला व्यय शासन द्वारा समय-समय पर निर्गत शासनादेशों/दिशा निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जायेगा।