बकरीद सकुशल सम्पन्न कराने हेतु मजिस्ट्रेट नामित, दिशा निर्देश जारी

0
105

06 जोनल, 23 मजिस्ट्रेट, 11 स्टैटिक व 05 अतिरिक्त मजिस्ट्रेट तैनात
बदायूँ: 24 जून। जिला मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चन्द्रदर्शन के अनुसार ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व दिनांक 29 जून 2023 को मनाया जायेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर मजिस्ट्रेट बदायूँ नगर क्षेत्र में एवं समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट जनपद बदायूँ अपने-अपने क्षेत्र में जोनल मजिस्टेट के रूप में रहेगें तथा कानून एवं शांन्ति व्यवस्था बनाये रखने के उत्तरदायी होंगे। ईद-उल-जुहा को सकुशल सम्पन्न कराने व कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में 23 मजिस्ट्रेट, 11 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 05 अतिरिक्त मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ईदगाहों एवं मस्जिदों में शासन की गाइड लाइन्स के अनुसार ही जानकारी प्राप्त कर स्थल की संवेदनशीलता का आंकलन करने के उपरान्त नमाज के समय सुरक्षा के कड़े प्रबन्ध किये जायें तथा यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई आवारा पशु मस्जिद एवं ईदगाह क्षेत्र में अथवा उसके पास न घूमने पाये। त्यौहार के दृष्टिगत यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई नई परम्परा न पड़ने पाये।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उपद्रवी/असामाजिक तत्वों, अपराधियों तथा आपराधिक चरित्र के व्यक्तियों की पहचान करके उनकी गतिविधियों पर करीबी दृष्टि रखी जाये तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्यवाही करके यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई अप्रिय घटना घटित न हो।

उन्होंने कहा कि जनपद में धारा 144 दण्ड प्रक्रिया संहिता प्रभावी है। शासन के निर्देशानुसार पर्व पर शोभायात्रा/जुलूस आदि बिना अनुमति के नहीं निकाला जायेगा। सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक पोस्ट या वीडियो नहीं डाली जायेगी यदि ऐसा कोई व्यक्ति करता है तो सम्बन्धित व्यक्ति के विरूद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

उन्होंने कहा कि छोटी समस्याओं को गम्भीरता से देखा जाये तथा उनका तत्काल निराकरण कराया जाये। प्रभारी अधिकारी, स्थानीय निकाय बदायूँ समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत को निर्देशित करें कि वह ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पर्व पर सम्बन्धित अधिकारियों को प्राप्त सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु एक कन्ट्रोल रूम स्थापित कराएं।  

उन्होंने कहा कि एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर कलेक्ट्रेट बदायूँ मुख्य कन्ट्रोल रूम रहेगा। कन्ट्रोल रूम सेन्टर के दूरभाष/मो० नम्बर 05832-266052, 05832-266054, 7505389289, 7505395940 है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here