बरेली, 14 अगस्त, 2023: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे देश में 13 से 15 अगस्त, 2023 तक ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से लोगों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना एवं देश की स्वतन्त्रता के लिये सर्वाेच्च बलिदान देने वाले, देश के महान सपूतों को याद कर सच्ची श्रद्धांजलि देना है। जन भागीदारी की भावना से आजादी के इस अभियान के अन्तर्गत देशवासी अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतन्त्रता आंदोलन एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त कर सकेंगे। सभी रेलकर्मी अपने घरों पर तिरंगा फहरा कर इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
मंडल पर 14 अगस्त, 2023 को नुक्कड़ नाटक एवं फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से ‘विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस‘ मनाया गया, इसके अंतर्गत सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा प्राप्त फोटो प्रदर्शनी मंडल के इज्जतनगर, बरेली सिटी, कासगंज, फर्रूखाबाद, कन्नौज, हाथरस सिटी, मथुरा छावनी, पीलीभीत, टनकपुर, लालकुआं, काशीपुर, रामनगर, हल्द्वानी, रुद्रपुर सिटी और काठगोदाम रेलवे स्टेशनों सहित सभी 88 स्टेशनों पर लगाई गई। जिसमें स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/प्रतिष्ठित व्यक्ति/वरिष्ठ नागरिक/सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इज्जतनगर मण्डल के प्रमुख स्टेशनों को आकर्षक ढंग से तिरंगे प्रकाश से प्रकाशमान किया गया। मण्डल कार्यालय को भी तिरंगे लाइट से सजाया गया, जिनकी रात्रिकालीन छटा अद्भुत रही।
‘हर घर तिरंगा‘ अभियान के तहत मंडल के 9,050 रेल कर्मियों को निशुल्क तिरंगे वितरित किए गए और उनके परिजनों एवं आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। 55 स्टेशनों पर ऑटोमेटिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा‘ एवं ‘मेरी माटी मेरा देश‘ अभियान से लोगों को अवगत कराया जा रहा है।
रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नंबर 4, इज्जतनगर पर मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत वाकाथन का आयोजन प्रातः 6:00 बजे से किया जाएगा किया जाएगा। तत्पश्चात 9:05 बजे मंडल रेल प्रबंधक सुश्री रेखा यादव राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं ताइक्वांडो प्रदर्शन अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रातः 11:00 बजे इज्जतनगर स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण का कार्यक्रम होगा। तदोपरांत महिला कल्याण संगठन इज्जतनगर द्वारा मंडल रेलवे चिकित्सालय के अंतरंग रोगियों के बीच फल वितरण किया जाएगा।
‘हर घर तिरंगा‘ अभियान के तहत रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड किया जा रहा है।